Raigarh News

छाल गांव के खेत में बीमार मिला छह साल का हाथी शावक, वन विभाग ने शुरू कराया इलाज

रायगढ़ जिले के छाल वन परिक्षेत्र अंतर्गत बनहर गांव में शुक्रवार सुबह करीब छह साल का हाथी शावक बीमार अवस्था में खेत में पड़ा मिला। उसे असहाय हालत में देखकर हाथी ट्रैकर्स ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसके उपचार की व्यवस्था शुरू की। शावक के इलाज के लिए बाहर से पशु चिकित्सक को भी बुलाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हाथी शावक पिछले दो दिनों से झुंड से अलग होकर अकेले क्षेत्र में विचरण कर रहा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले सिंघीझाप गांव के पास इसी शावक ने एक कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके बाद से वह लगातार अकेले घूम रहा था।

शुक्रवार सुबह बनहर गांव के एक खेत में शावक बीमार हालत में पड़ा दिखाई दिया। काफी देर तक उसकी स्थिति सामान्य नहीं होने पर हाथी ट्रैकर्स ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सक की मदद से उसका उपचार कराया। विभाग के अनुसार, मौके पर ही शावक का इलाज किया गया है।

पिछले दो दिनों से झुंड से अलग घूम रहे हाथी शावक का बीमार अवस्था में मिलना वन विभाग के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। फिलहाल उसके बीमार होने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वन विभाग की टीम उसकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है और निगरानी कर रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button