Raigarh News

सूर्यघर योजना से जतिन साव बने बिजली उत्पादक, बिल में मिली बड़ी राहत

रायगढ़ जिले के ग्राम कसडोल निवासी जतिन कुमार साव प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाया है, जिससे घरेलू जरूरतों के लिए बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे उनके बिजली बिल का खर्च भी पहले की तुलना में काफी कम हुआ है।

जतिन कुमार साव बताते हैं कि सोलर पैनल लगने के बाद वे केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक भी बन गए हैं। मोबाइल के माध्यम से वे घर में बिजली की खपत और सोलर पैनल से होने वाले उत्पादन की जानकारी प्राप्त करते रहते हैं। इससे उन्हें बिजली के उत्पादन और उपयोग पर नजर रखने में आसानी होती है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगवाने के बाद बिजली की खपत के लिए अब पहले की तुलना में काफी कम भुगतान करना पड़ रहा है।

जतिन ने सोलर पैनल लगाने का एक अन्य लाभ भी बताया। उनके घर में पानी की टंकी के ऊपर पैनल लगाए गए हैं, जिससे टंकी पर सीधी धूप नहीं पड़ती और पानी अपेक्षाकृत ठंडा रहता है। योजना का लाभ मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही बैंक ऋण की आसान किश्तों की सुविधा भी उपलब्ध है। योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र से प्रतिमाह लगभग 120 यूनिट, दो किलोवाट से 240 यूनिट और तीन किलोवाट क्षमता के संयंत्र से करीब 360 यूनिट बिजली उत्पादन किया जा सकता है।

योजना के लिए इच्छुक नागरिक पीएम सूर्यघर पोर्टल, मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल की डिजिटल सेवाओं और टोल फ्री नंबर 1912 के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन व्यवस्था में उपभोक्ताओं को स्वयं अधिकृत वेंडर चुनने की सुविधा भी दी गई है। योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली खर्च में बचत के साथ सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने का अवसर मिल रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button