लेन्धरा में अंतरराज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू, भोपाल ने उद्घाटन मुकाबले में सारंगढ़ को हराया

रायगढ़ जिले के लेन्धरा में श्री राधामाधव अंतरराज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही और पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने फीता काटकर और पूजा-अर्चना कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, खेलप्रेमी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक और श्रीमती सहोद्रा सिदार उपस्थित रहीं। वहीं जनपद पंचायत बरमकेला अध्यक्ष डॉ. विद्या किशोर चौहान, लेन्धरा मंडल भाजपा अध्यक्ष श्रीमती शारदा मालाकार, वरिष्ठ नेता चक्रधर पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूतनाथ पटेल, जिला भाजपा मंत्री श्रीमती विलास सारथी, जिला भाजपा सह कोषाध्यक्ष मोहन पटेल, जिला भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी चूड़ामणि पटेल, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आयोजन सरपंच लखपति भोय, दीपक चौधरी और ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। वहीं जगन्नाथ पाणिग्राही ने कहा कि अंतरराज्यीय प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देती हैं। अतिथियों ने कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को ग्रामीण खेल संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने टॉस कर पहला मुकाबला शुरू कराया। उद्घाटन मैच भोपाल और सारंगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में भोपाल की टीम ने जीत दर्ज की।
