संविधान दिवस पर रायगढ़ में गूंजा प्रस्तावना का संदेश, शासकीय कार्यालयों में हुआ सामूहिक वाचन

रायगढ़ जिले में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जिला कलेक्टोरेट, जिला पंचायत, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
सुबह 11 बजे जिले की सभी पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और ग्रामीणों की सहभागिता से प्रस्तावना का वाचन हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके मूल आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा भगत सहित कलेक्टोरेट के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
संविधान दिवस पर जिले के स्कूलों और महाविद्यालयों में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देने के लिए परिचर्चा, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं कराई गईं।
ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को भी संविधान के महत्व और उसके मूल आदर्शों से अवगत कराया गया। सामूहिक वाचन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और ग्रामीणों की भागीदारी के जरिए संविधान के प्रति सम्मान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
