Raigarh News

602 किसानों से 3,254 मीट्रिक टन धान की खरीदी, व्यवस्था पर जताया संतोष, मुख्यमंत्री साय के प्रति व्यक्त किया आभार

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में अब तक 602 किसानों से कुल 3,254.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल और छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। धान की तौल के लिए बायोमेट्रिक इलेक्ट्रॉनिक तराजू का उपयोग किया जा रहा है, जिससे तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

धनागर मंडी में धान विक्रय करने पहुंचे ग्राम बघनपुर के किसान दिनेश पटेल ने खरीदी व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि धान बेचने के लिए टोकन कटवाने के बाद उनका 11 क्विंटल 7 किलोग्राम धान मंडी में तौला गया। किसान ने बताया कि मंडी में छाया और पेयजल की व्यवस्था है। बायोमेट्रिक इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल होने के कारण किसानों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने धान खरीदी की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद प्रकट किया।

धान खरीदी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए किसानों को ऑनलाइन और सहकारी समिति, दोनों माध्यमों से टोकन लेने की सुविधा दी गई है। ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकते हैं। ऐप के उपयोग में असुविधा होने पर संबंधित सहकारी समिति से भी टोकन लिया जा सकता है।

कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल धान की पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं है। निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले पात्र किसान भी योजना के प्रावधानों के अनुसार सहायता के पात्र होंगे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button