पुलिस लाइन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने ली साप्ताहिक परेड, जवानों का किया निरीक्षण

रायगढ़ पुलिस लाइन में 27 नवंबर को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने परेड की सलामी ली और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वेशभूषा, अनुशासन तथा टर्नआउट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट वेशभूषा और बेहतर टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को अलग-अलग टोलियों में विभाजित कर स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया। जवानों ने निर्धारित कमांड के अनुसार कदमताल, आपसी तालमेल और सामूहिक अनुशासन का प्रदर्शन किया। एसएसपी ने परेड की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जवानों को निर्धारित नियमों और कमांड का अनुशासनपूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता, शारीरिक दक्षता और टीम भावना बनाए रखने में नियमित परेड की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। परेड केवल औपचारिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह पुलिसकर्मियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का माध्यम भी है। नियमित अभ्यास से जवानों की सामूहिक कार्यक्षमता विकसित होती है, जिसका लाभ दैनिक पुलिस कार्यों और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में मिलता है।
एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक को पुलिस लाइन में नियमित रूप से परेड आयोजित कराने और जवानों को ड्रिल एवं शारीरिक अभ्यास का निरंतर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित करने की बात कही। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने किया।
