Raigarh News

कारीछापर में अवैध धान भंडारण पर मंडी विभाग की कार्रवाई, 20 क्विंटल जब्त

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम कारीछापर में अवैध धान भंडारण का मामला सामने आया है। मंडी विभाग के जांच दल ने 50 बोरियों में रखे कुल 20 क्विंटल धान को जब्त किया है। यह कार्रवाई 24 नवंबर को जनक निषाद के प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान की गई। विभाग ने मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण में कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निगरानी की जा रही है। अवैध धान भंडारण, परिवहन और उपार्जन केंद्रों में कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में मंडी विभाग के जांच दल ने 24 नवंबर को ग्राम कारीछापर स्थित जनक निषाद के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां 50 बोरियों में कुल 20 क्विंटल धान भंडारित मिला। जांच दल ने इसे अवैध भंडारण का मामला मानते हुए मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त कर लिया।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में धान के अवैध भंडारण, परिवहन और खरीदी-बिक्री पर नियंत्रण के लिए मंडी विभाग नियमित रूप से जांच और निरीक्षण कर रहा है। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना और बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाना है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button