कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने शहर के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

रायगढ़ में जारी विकास एवं निर्माण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने 26 नवंबर को विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव बैराज, कैनाल लिंक रोड और गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट तक निर्माणाधीन सड़क का अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सबसे पहले निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। यहां लगभग 600 विद्यार्थियों की क्षमता वाली सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी बनाई जा रही है। उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए सिविल कार्य जल्द पूरा करने और अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। परिसर के तैयार होने से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके बाद कलेक्टर ने मरीन ड्राइव में निर्माणाधीन बैराज का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। बैराज बनने से नदी में जलस्तर स्थिर बनाए रखने और आम नागरिकों के लिए निस्तार के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कैनाल लिंक रोड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चांदनी चौक में बन रहे अंडरपास का भी जायजा लिया। नगर निगम द्वारा अधोसंरचना मद से केवड़ाबाड़ी चौक को मरीन ड्राइव से जोड़ने के लिए इस मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इसके पूरा होने से शहर के मध्य यातायात का दबाव कम करने और सुभाष चौक क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट के पास तक निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण किया। इस सड़क के बनने से रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे सुभाष चौक और गांधी प्रतिमा चौक पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, संबंधित ठेकेदार और सब इंजीनियर उपस्थित रहे।
