Raigarh News

संविधान दिवस पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ

रायगढ़ में संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पुलिस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई। पुलिसकर्मियों ने संविधान के आदर्शों के अनुरूप अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि संविधान की भावना के अनुरूप कानून का पालन सुनिश्चित करे और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ समान व्यवहार करते हुए नागरिकों के अधिकारों एवं स्वतंत्रता की रक्षा करे।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में निष्पक्षता, अनुशासन, मानवीय संवेदना और विधि के शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संविधान सभा के सदस्यों और संविधान निर्माताओं को नमन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा आम नागरिकों के प्रति सेवा, सुरक्षा और न्याय की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डीएसपी सुशांतो बनर्जी सहित पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button