Raigarh News

रायगढ़ की चारों विधानसभा सीटों में 1 दिसंबर से भाजपा का सेवा दूत अभियान, 25 दिन करेंगे प्रवास

रायगढ़। भाजपा प्रदेश संगठन की ओर से 1 दिसंबर से जिले में सेवा दूत अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता रायगढ़ जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों तक प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा जिला महामंत्री एवं जिला मुख्यालय प्रभारी विकास केडिया ने बताया कि अभियान का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है।

अभियान के लिए चारों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रायगढ़ विधानसभा में शिव चंद्र चंद्राकर, खरसिया में निर्मल सिन्हा, धरमजयगढ़ में सुरेंद्र बेसरा और लैलूंगा विधानसभा में सालिक साय सेवा दूत बनाए गए हैं। ये सभी 1 से 25 दिसंबर तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रवास करेंगे।

इस दौरान मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें होंगी। इनमें संगठन की स्थिति, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, स्थानीय परिस्थितियों और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी के अनुसार, पुराने एवं अनुभवी नेताओं के संगठनात्मक अनुभव का लाभ वर्तमान कार्यकर्ताओं को देने और पुराने-नए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

सेवा दूत गांवों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना तथा किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके अलावा जाति, निवास और आय प्रमाणपत्र सहित अन्य सरकारी दस्तावेजों एवं योजनाओं के आवेदन में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रवास के दौरान स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने इस अभियान को आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की संगठनात्मक तैयारियों से भी जोड़कर देखा है। विकास केडिया ने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, संपर्क और संगठन की गतिविधियों को जिले के प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button