Raigarh News

बेटे की कमी के बीच बेटी ने दी पिता की चिता को मुखाग्नि, अंतिम संस्कार में भावुक हुए लोग

रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदेली से सेवानिवृत्त प्राचार्य अमृतलाल सिदार का 27 नवंबर को उनके गृहग्राम जामपाली (गोर्रा) में निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे। उनके निधन से शिक्षक समुदाय और क्षेत्र में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार के दौरान उनकी छोटी बेटी बंदना ने परंपरा से हटकर पिता की चिता को मुखाग्नि दी और बेटे की भूमिका निभाई। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

स्वर्गीय अमृतलाल सिदार अपने पीछे पांच बेटियों और दामाद सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए। उनके एक पुत्र का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। ऐसे में अंतिम संस्कार के समय छोटी बेटी बंदना ने आगे बढ़कर पिता को मुखाग्नि दी। बताया गया कि मुक्तिधाम में उस समय मौजूद लोगों के बीच वह अकेली महिला थीं, जिन्होंने पिता की चिता को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी।

शिक्षा के क्षेत्र में अमृतलाल सिदार का योगदान रहा। वे अपने सेवाकाल के दौरान धोबनीपाली (बरमकेला), गोडम (सारंगढ़), डोंगीतराई, कोतरा, तारापुर और नंदेली सहित कई विद्यालयों में पदस्थ रहे। प्रधानपाठक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने इन विद्यालयों को हायर सेकेंडरी स्कूल के रूप में उन्नयन कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदेली से वे प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

उनके निधन पर शिक्षक समुदाय ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की है। अंतिम संस्कार के अवसर पर ग्राम जामपाली में क्षेत्र के ग्रामीणों, प्रतिष्ठित शिक्षकों, कर्मचारी संगठनों और सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत प्राचार्य को श्रद्धांजलि अर्पित की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button