Raigarh News

जूटमिल में मकान से 5 किलो 435 ग्राम गांजा बरामद, महिला सहित दो गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जूटमिल पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के मकान से 5 किलो 435 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिक्री की नकदी 950 रुपये भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजीव गांधी नगर वार्ड क्रमांक 36 निवासी मारकंडे यादव और उसकी चचेरी बहन रीतु यादव अपने मकान में गांजा रखकर अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद जूटमिल थाना प्रभारी ने पुलिस टीम और गवाहों के साथ संदिग्धों के मकान पर दबिश दी।

पूछताछ के बाद मकान की तलाशी ली गई, जहां से दोनों के कब्जे से कुल 5 किलो 435 ग्राम गांजा और बिक्री की रकम 950 रुपये बरामद हुई। पुलिस ने गांजा और नकदी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जूटमिल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मारकंडे यादव (21 वर्ष), पिता धनसिंह यादव और रीतु यादव (27 वर्ष), पिता मंगल यादव के रूप में हुई है। दोनों राजीव गांधी नगर वार्ड क्रमांक 36, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे, सहायक उप निरीक्षक नरसिंहनाथ यादव, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक और लोमश राजपूत सहित आरक्षक दिनेश गोंड, भूषण मिरी, सुशील यादव, संजय एक्का, गौतम धांगड़ एवं महिला आरक्षक आशा सिदार की भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button