खरसिया में 15 दिन में चार चोरियां, व्यापारियों में दहशत; रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

खरसिया। नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। पिछले 15 दिनों के भीतर चोरी की चार घटनाएं सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने खरसिया चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर सक्रिय चोर गिरोह पर अंकुश लगाने और रात्रिकालीन गश्त प्रभावी करने की मांग की।
ज्ञापन में पिछले 15 दिनों में हुई चार घटनाओं का उल्लेख किया गया है। इनमें अंजोरीपाली स्थित किराना दुकान में चोरी, संजय अग्रवाल की स्कूटर का स्टेट बैंक के बगल से चोरी होना, नरेश ट्रेडर्स में रात के समय चोरी और विनय एजेंसी में चोरी की घटना शामिल है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही इन वारदातों से नगर में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
चेम्बर की ओर से ज्ञापन में कहा गया कि एसडीओपी के कार्यभार संभालने के बाद शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और रात्रि गश्त भी सराहनीय है। इसके बावजूद चोर लगातार व्यापारी वर्ग और आम लोगों को निशाना बना रहे हैं।
व्यापारियों ने मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने का हवाला देते हुए बताया कि नगर के अधिकांश प्रतिष्ठान रात करीब 8 बजे तक बंद हो जाते हैं। वहीं रात लगभग 10:30 बजे के बाद आम लोगों की आवाजाही भी काफी कम हो जाती है। ज्ञापन में आशंका जताई गई कि चोर इसी स्थिति का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
चेम्बर ने पुलिस से चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द पतासाजी करने, उन्हें गिरफ्तार करने और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि प्रभावी कार्रवाई से नगरवासियों के मन में व्याप्त भय कम होगा और उनकी आर्थिक एवं मानसिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
