Raigarh News

सारंगढ़ के ग्राम मल्दा-ब के एक घर में घुसा बेकाबू ट्रैक्टर, महिला की मौत; पति गंभीर घायल

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सारंगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मल्दा-ब में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। बरमकेला से सारंगढ़ की ओर जा रहा महिंद्रा अर्जुन ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा। हादसे में हेमशैला निषाद (45 वर्ष) की जान चली गई और उनके पति भारत लाल निषाद (62 वर्ष) घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच ग्राम पंचायत मल्दा-ब में हुई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर बरमकेला से सारंगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसे की चपेट में आने से हेमशैला निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भारत लाल निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वाहन के पंजीयन, दस्तावेजों और चालक के लाइसेंस की स्थिति भी जांच का विषय है।
फिलहाल ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घर में कैसे घुसा, इसकी वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की परिस्थितियों और वाहन की वैधानिक स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button