एकलव्य विद्यालय छर्राटांगर में ‘उद्भव 2026’ का शुभारंभ, 8 स्कूलों के विद्यार्थी दिखा रहे प्रतिभा

रायगढ़। जनजातीय कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य और साहित्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय छर्राटांगर, घरघोड़ा में तीन दिवसीय संकुल स्तरीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव ‘उद्भव 2026’ का शुभारंभ हुआ। 28 से 30 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव में रायगढ़ संकुल के अंतर्गत आने वाले 8 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम की थीम ‘विरासत, संस्कृति एवं राष्ट्रीय एकता’ रखी गई है। शुभारंभ समारोह में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य अंबिका मुकेश राठिया, छर्राटांगर की सरपंच सुखमती राठिया, घनश्याम राठिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान और विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। छत्तीसगढ़ के राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति ने भी समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
उत्सव के पहले दिन विद्यार्थियों ने जनजातीय वाद्ययंत्रों पर आधारित सामूहिक संगीत की प्रस्तुति दी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों के माध्यम से जनजातीय संगीत की परंपरा को प्रदर्शित किया गया। वहीं, नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने अभिनय और रचनात्मकता का परिचय दिया। ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया।
आयोजन के आगामी दो दिनों में जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें समूह नृत्य, एकल नृत्य, गायन, वाद्य संगीत, चित्रकला, वाद-विवाद, भाषण, प्रश्नोत्तरी, नाटक, रचनात्मक लेखन और पारंपरिक कहानी वाचन शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी कलात्मक, साहित्यिक और बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे की कला, संस्कृति और परंपराओं को जानने का अवसर मिलेगा।
