महलोई-देवलसुर्रा के पास कार-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो लोग गंभीर घायल

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे ग्राम महलोई-देवलसुर्रा के पास हुई। बाइक पर एक युवक और उसके पीछे एक बुजुर्ग सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों जुर्डा क्षेत्र के निवासी हैं और किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सूरजगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार युवक और बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के कारण कार और बाइक दोनों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुसौर पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों की पहचान और दुर्घटना के विस्तृत कारणों को लेकर अन्य जानकारी सामने नहीं आई है।
