Raigarh News

सूर्य घर योजना से यशवंत सिंह का बिजली बिल शून्य, हर महीने हो रही 1000 रुपये तक बचत

रायगढ़। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना धरमजयगढ़ निवासी यशवंत सिंह राठिया के लिए आर्थिक राहत का जरिया बनी है। घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के बाद पिछले आठ महीनों से उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे उन्हें हर महीने बिजली खर्च में 800 से 1000 रुपये तक की बचत हो रही है।

यशवंत सिंह राठिया के अनुसार, पहले उन्हें हर महीने बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था। परिवार की अन्य जरूरतों के बीच बिजली बिल के लिए भी नियमित रूप से राशि खर्च होती थी। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर सूर्य की ऊर्जा से बिजली उत्पादन करने और बिजली खर्च में राहत पाने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसका लाभ लेने का निर्णय लिया।

इसके बाद उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाया और सौर ऊर्जा से बिजली का उत्पादन शुरू हुआ। यशवंत सिंह बताते हैं कि पहले उन्हें हर महीने 800 से 1000 रुपये तक बिजली बिल देना पड़ता था, लेकिन योजना का लाभ मिलने के बाद पिछले आठ महीनों से उन्हें बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ा है। अब बिजली बिल में खर्च होने वाली राशि परिवार की अन्य आवश्यकताओं पर उपयोग की जा रही है।

योजना का लाभ मिलने के बाद यशवंत सिंह अब अपने आसपास के लोगों और पड़ोसियों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वे अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों को बताते हैं कि घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली खर्च कम किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से यशवंत सिंह के घर में सौर ऊर्जा का उपयोग शुरू हुआ है। उनके अनुभव के अनुसार, इससे परिवार को नियमित आर्थिक राहत मिल रही है और हर महीने होने वाली बचत का उपयोग दूसरी जरूरतों को पूरा करने में किया जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button