Raigarh News

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहीं ग्रामीण महिलाएं, कमला चौधरी, अब महिलाओं को दे रहीं प्रशिक्षण

रायगढ़। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आजीविका के नए अवसरों को अपना रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। रायगढ़ जिले के ग्राम धनागर की कमला चौधरी इसकी एक मिसाल हैं। उन्होंने रुक्मणी स्व-सहायता समूह से जुड़कर मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का साधन बनाया। अब वे इससे अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने के साथ मास्टर ट्रेनर के रूप में दूसरी ग्रामीण महिलाओं को भी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दे रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कमला चौधरी ने समूह से जुड़ने के बाद नियमित बैठकों में हिस्सा लेना और बचत करना शुरू किया। समूह के माध्यम से उन्हें आजीविका के विभिन्न साधनों और शासन की योजनाओं की जानकारी मिली। जरूरत पड़ने पर समूह से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी मिली। इसके अलावा अपनी बचत के आधार पर उन्होंने बैंक से भी ऋण प्राप्त किया।

कमला ने बैंक से मिले ऋण का उपयोग खेती, पशुपालन और मशरूम उत्पादन जैसे कार्यों में किया। प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने ऑयस्टर तथा पैरा पुटू मशरूम का उत्पादन शुरू किया। लगातार मेहनत और अभ्यास से उन्होंने इसकी उत्पादन तकनीक में दक्षता हासिल की। धीरे-धीरे मशरूम उत्पादन उनके लिए अतिरिक्त आमदनी का जरिया बन गया, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिली।

मशरूम उत्पादन में अनुभव हासिल करने के बाद कमला चौधरी अब मास्टर ट्रेनर के रूप में भी काम कर रही हैं। वे अलग-अलग स्थानों पर जाकर ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन की तकनीक, प्रक्रिया और इसे आजीविका के रूप में अपनाने के तरीकों की जानकारी देती हैं। उनके प्रशिक्षण से अन्य महिलाएं भी घर और गांव में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आय अर्जित करने के लिए प्रेरित हो रही हैं।

कमला चौधरी के अनुसार, स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। नियमित बचत, ऋण सुविधा और प्रशिक्षण ने उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने तथा अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया। उन्होंने अपनी सफलता के लिए शासन की योजनाओं और स्व-सहायता समूह के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button