Raigarh News

4 से 10 दिसंबर तक सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण और महारुद्राभिषेक

रायगढ़। शहर के रामलीला मैदान में 4 से 10 दिसंबर तक सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महारुद्राभिषेक का सात दिवसीय आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर शुक्रवार को रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ सेवा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान समिति ने मुख्यमंत्री को आयोजन की रूपरेखा बताई और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली और समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। मुलाकात के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किया।

समिति के अनुसार, 4 दिसंबर से शुरू होने वाला यह महाअनुष्ठान 10 दिसंबर तक चलेगा। सात दिनों के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग निर्माण करने और महारुद्राभिषेक में शामिल होने की संभावना है। आयोजन में प्रतिदिन रुद्राभिषेक, शिव महापुराण कथा, भजन-कीर्तन, हवन-पूजन और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

आयोजन को लेकर रामलीला मैदान में तैयारियां की जा रही हैं। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल, प्रसाद, पार्किंग और सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की धरती संस्कृति, संगीत और आस्था की धरती है। सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग महारुद्राभिषेक का आयोजन शहर के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्रद्धालुओं से महाअनुष्ठान में शामिल होने का आह्वान किया। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, आयोजन में सभी समाजों और वर्गों के लोग भाग ले रहे हैं। इसे धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे और सनातन संस्कृति के संरक्षण से जुड़ी पहल के रूप में भी आयोजित किया जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button