Raigarh News

दुर्गापुर-शाहपुर SECL परियोजना के विरोध में 2 दिसंबर को आंदोलन, ग्रामीणों ने दी आर-पार की लड़ाई की चेतावनी

धरमजयगढ़। प्रस्तावित दुर्गापुर-शाहपुर SECL ओपन कोल परियोजना को लेकर प्रभावित क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 2 दिसंबर को आंदोलन को निर्णायक रूप देने का ऐलान किया है। बीती रात दुर्गापुर में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने SECL के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि कुछ लोगों की सहमति को पूरे प्रभावित क्षेत्र की सहमति नहीं माना जा सकता।

बैठक में ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या तराईमार के कुछ लोगों की सहमति या आवेदन के आधार पर हजारों प्रभावित परिवारों की जमीन पर कोयला खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। उनका कहना है कि इतने बड़े भूभाग और स्थानीय परिवारों के भविष्य से जुड़े फैसले में प्रभावित ग्रामसभाओं की सामूहिक सहमति और कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी है।

बैठक में 18 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का भी उल्लेख किया गया। ग्रामीणों ने इसे आदिवासी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और ग्रामसभा की भूमिका के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में ग्रामसभा के अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की अनदेखी कर परियोजना आगे बढ़ाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि अब आंदोलन में संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के आधार पर भी अपनी बात रखी जाएगी।

बैठक में तराईमार के 12 ग्रामीणों की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धरमजयगढ़ के समक्ष परिसंपत्तियों का सर्वे कराने के लिए आवेदन दिए जाने का मुद्दा भी उठा। सभा में सामने आए नामों में पंचराम साहू, बासुदेव, महत्तर राम साहू, रामेश्वर साहू, रघुबीर साहू, धरमबीर साहू, चंद्रमणि और धरमसिंह सहित कुल 12 लोगों का उल्लेख किया गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब प्रभावित परिवार परियोजना का विरोध कर रहे हैं, तब अलग से परिसंपत्ति सर्वे कराने की जरूरत और इसका उद्देश्य क्या है। हालांकि, आवेदन देने वाले लोगों का वास्तविक पक्ष और उद्देश्य स्पष्ट नहीं है।

बैठक में क्षेत्र में निर्मित कुछ पोल्ट्री फार्म की वैधता, निर्माण की तारीख और वास्तविक स्थिति की जांच की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ पोल्ट्री फार्म हाल के दिनों में बनाए गए हैं। उन्होंने मांग की कि परिसंपत्तियों का मूल्यांकन करने से पहले निर्माण की स्थिति और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे परियोजना के विरोध में अपना आंदोलन जारी रखेंगे। अब सभी की नजर 2 दिसंबर को प्रस्तावित आंदोलन और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button