Raigarh News

बरतापाली में नर हाथी की मौत मामले में चार गिरफ्तार, स्निफर डॉग से मिले सुराग

रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के बरतापाली जंगल में नर हाथी की मौत के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान स्निफर डॉग की मदद से मिले सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम आरोपियों तक पहुंची। चारों आरोपी ग्राम नयागांव के निवासी हैं। वन विभाग ने उनके खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

धरमजयगढ़ वन मंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा के अनुसार, धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के ग्राम बरतापाली स्थित कक्ष क्रमांक 437 में 27 नवंबर को एक नर हाथी का शव मिला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाने के लिए डॉग स्क्वाड की मदद ली गई। जांच के दौरान स्निफर डॉग से मिले अहम सुरागों के आधार पर वन विभाग ने चार लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अजय भगत (28), पिता घनानंद भगत, जयानंद भगत (47), पिता दुर्योधन भगत, राम दयाल (38), पिता चिंताराम सिदार और भगवानो भगत (50), पिता मंगलू भगत शामिल हैं। सभी ग्राम नयागांव के निवासी बताए गए हैं।

वन विभाग के अनुसार, चारों आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्हें 29 नवंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। हाथी की मौत के कारणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है। वन मंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा और वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए विभाग गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button