देहजरी के पास कोयला लोड ट्रेलर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

रायगढ़। खरसिया-छाल मार्ग पर शुक्रवार शाम देहजरी गांव के पास कोयला लोड ट्रेलर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। ट्रेलर में आग भड़कते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाने में सफल रहा। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, कोयला लोड ट्रेलर छाल की ओर से आ रहा था। इसी दौरान देहजरी गांव के पास वाहन के इंजन वाले हिस्से में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ट्रेलर से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी।
प्रारंभिक तौर पर ट्रेलर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
