spot_img

Latest Posts

बद से बदतर हो चुकी गेरवानी-सराईपाली सडक़

रायगढ़। रायगढ़ जिले में गेरवानी से सराईपाली जाने वाली सडक़ की बदहाल स्थिति से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। लगातार बारिश के बाद सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सडक़ से गुजरना किसी दोजख से कम नहीं है।
यह मार्ग जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ता है। सडक़ पर प्रतिदिन सैकड़ों ट्रेलर, हाईवा और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। इसके साथ ही आसपास के उद्योगों में कार्यरत कर्मचारी और ग्रामीण भी इसी सडक़ का उपयोग करते हैं।
बारिश के बाद सडक़ पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढों में पानी और कीचड़ भर गया है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण छोटे वाहनों और दोपहिया चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं और पूर्व में भी इस मार्ग पर हादसे हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गेरवानी-सराईपाली सडक़ के चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उनका कहना है कि यह सडक़ न केवल औद्योगिक गतिविधियों बल्कि आसपास के कई गांवों के लिए भी महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से सडक़ के शीघ्र निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग करते हुए कहा है कि बरसात के दौरान मौजूदा स्थिति में आवागमन बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss