रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूप में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी रूप कुंवर महंत की हत्या करने की बात स्वीकार की है। घटना के बाद आरोपी का ब्लड प्रेशर बढ़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ कर कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, मृतका के बेटे सूरज दास महंत ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह प्लांट में ड्यूटी करने के बाद घर लौटा था। वहां उसने अपनी मां को परछी में जमीन पर बेहोश पड़ा देखा। पिता अमृत लाल महंत भी वहीं बैठे थे। मां के शरीर में कोई हलचल नहीं थी और उनके कान से खून निकल रहा था। दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान थे। घर में भी कई जगह खून के छींटे दिखाई दे रहे थे।
सूरज ने परिजनों और आसपास के लोगों को बुलाया तथा मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले गया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को घर के फर्श, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर खून के निशान मिले। घटनास्थल पर मौजूद फावड़े और लकड़ी के डंडे की भी फॉरेंसिक टीम ने जांच की। पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसी आधार पर पति पर संदेह गहराया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसकी पत्नी खाना बनाने से मना कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने फावड़ा और अन्य साक्ष्य जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

