सामूहिक एकादशी का भव्य उद्यापन सम्पन्न,मुख्य यजमान कैट अध्यक्ष रतन शर्मा का हुआ जोरदार स्वागत*

सामूहिक एकादशी का भव्य उद्यापन सम्पन्न,मुख्य यजमान कैट अध्यक्ष रतन शर्मा का हुआ जोरदार स्वागत*
बरमकेला। जयसिंग होटल, बरगढ़ में भव्य सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं तुलसी विवाह समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में 28 जोड़ों ने एक साथ विधि-विधानपूर्वक एकादशी उद्यापन कर धार्मिक परंपरा के निर्वहन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान कैट जिलाध्यक्ष रतन शर्मा एवं बबली शर्मा का रथ पर सवार होकर आगमन हुआ। भव्य कलश यात्रा के साथ उनका स्वागत किया गया। यात्रा में महिलाओं ने मंगल गीत गाए तथा श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
महाराज सन्यास चरण पाणिग्राही एवं आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 28 जोड़ों का सामूहिक एकादशी उद्यापन संपन्न कराया गया। सभी जोड़ों ने एक साथ पूजा-अर्चना, हवन एवं आरती में भाग लिया। इसके साथ ही तुलसी विवाह की रस्में भी परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुईं। गौदान एवं महाराज को दान-पुण्य के साथ पूर्णाहुति की गई।
इस अवसर पर मुख्य यजमान रतन शर्मा ने कहा कि एकादशी उद्यापन एवं तुलसी विवाह हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के महत्वपूर्ण अंग हैं। ऐसे सामूहिक आयोजनों से धर्म के प्रति आस्था मजबूत होने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता का भाव बढ़ता है। उन्होंने कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ियां भी अपने संस्कारों और परंपराओं से जुड़ी रहें, यही इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुबह से ही पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की आहुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजन के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों का विशेष योगदान रहा।
