Raigarh News

एनटीपीसी लारा में संविधान दिवस समारोह, सुभाष ठाकुर ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर दिया जोर

एनटीपीसी लारा में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. बी.आर. आंबेडकर के योगदान को याद किया गया। एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने संविधान के आदर्शों को जीवन और कार्यों में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में संविधान की भूमिका महत्वपूर्ण है।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को दोहराते हुए उनके प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

अपने संबोधन में सुभाष ठाकुर ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करने के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने डॉ. आंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार समतामूलक, न्यायपूर्ण और समावेशी समाज के निर्माण के लिए आज भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यों में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में एससी/एसटी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी विचार व्यक्त किए और समाज में संविधान के आदर्शों को स्थापित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती रेखा ठाकुर, श्री एम. श्रीनाध, श्रीमती एम. उषा, श्रीमती सुष्मिता रेड्डी, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग), श्री उदागिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव, श्री जाकिर खान सहित वरिष्ठ अधिकारी, एसोसिएशन के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे।

बाल भवन के बच्चों ने फैंसी ड्रेस कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके बाद गुरुकुल के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य और लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रस्तुतियों के जरिए संविधान के मूल्यों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button