Raigarh News

ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के सामने दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 4 किलो से अधिक गांजा जब्त

रायगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलो 68 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सारंगढ़ रोड की ओर से यात्री बस में सवार होकर गांजा लेकर ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचने वाले हैं। उनके पास पिट्ठू बैग में गांजा होने और बिक्री के लिए लाए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी जूटमिल ने पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया।

पुलिस टीम ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंची, जहां मुखबिर के बताए हुलिए के दो व्यक्ति बस से उतरकर पिट्ठू बैग लेकर बजरंगपारा की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें बस स्टैंड के सामने लोक सेवा केंद्र के पीछे बजरंगपारा मैदान में रोककर पूछताछ की। आरोपियों ने अपनी पहचान गोविन्द भट्ठ उर्फ बुटू (56 वर्ष) और मंजे देवार (26 वर्ष), दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से खाकी और हरे रंग की पन्नियों में लिपटा गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 4 किलो 68 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button