Raigarh News

रायगढ़ में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल, आग और आपात स्थिति में बचाव का अभ्यास

रायगढ़ में आपात परिस्थितियों से निपटने और नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए नगर सेना कैंप चांदमारी में नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के तहत मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें नगर सेना, जिला प्रशासन, पुलिस, एनसीसी और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, राहत एवं बचाव कार्यों और विभागों के बीच समन्वय का प्रदर्शन किया गया।

गृह मंत्रालय, भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा एवं आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए विभागीय तैयारियों को मजबूत करना और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाना था। अभ्यास में साप्ताहिक बाजार में आपात स्थिति उत्पन्न होने, राहत शिविर की व्यवस्था और सार्वजनिक स्थान पर आग लगने जैसी परिस्थितियों के मॉडल तैयार किए गए।

इस दौरान आग बुझाने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों का रेस्क्यू करने और उन्हें राहत शिविर तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने आपात स्थिति में अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्रवाई करते हुए समन्वय का प्रदर्शन किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि सिविल डिफेंस के अंतर्गत 12 प्रकार की प्रमुख सेवाएं शामिल हैं। इनके माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के साथ राहत एवं बचाव कार्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण होती है। मॉक ड्रिल में इसी तरह की परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ब्लासियुस कुजूर ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की भूमिका और कार्यप्रणाली समझने में मदद मिलती है। साथ ही विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जरूरत के समय तेजी से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने की क्षमता मजबूत होती है। कार्यक्रम में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button