नगर निगम की सामान्य सभा में 14 प्रस्तावों को मंजूरी, 11 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों पर मुहर

रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ की सामान्य सभा में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 14 एजेंडों पर चर्चा के बाद सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बुधवार, 4 नवंबर को निगम सभा कक्ष में सभापति डिग्री लाल साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क निर्माण, जल व्यवस्था, चौक-चौराहों के नामकरण, व्यापारिक स्थलों के विकास और शहर के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत प्यासा मैदान के उन्नयन के लिए लगभग 4 करोड़ 92 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। वहीं राजमहल चौक से सर्किट हाउस चौक तक सड़क उन्नयन कार्य के लिए लगभग 6 करोड़ 41 लाख रुपये के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। संबंधित एजेंडों पर चर्चा के दौरान निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया ने पार्षदों के सवालों के जवाब दिए।
सामान्य सभा में सार्वजनिक स्थलों के नामकरण से जुड़े प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए। पुराने किसान राइस मिल क्षेत्र में विकसित हो रहे ऑक्सीजोन का नाम विकसित भारत संकल्प उद्यान और उर्दना सीएमओ तिराहा का नाम विकसित भारत संकल्प सेवा चौक रखा जाएगा। वार्ड 22 और 23 की पक्की खोली का नाम श्री झूलेलाल कॉलोनी तथा कच्ची खोली का नाम संत कंवर राम कॉलोनी करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
इसके अलावा अंतरराज्यीय बस स्टैंड का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दूध डेयरी चौक ऑक्सीजोन का नाम केशव कुंज और पंचतत्व गार्डन का नाम वेदमणि सिंह ठाकुर उद्यान रखने की स्वीकृति दी गई।
निगम क्षेत्र के 17 एमएलडी और 32 एमएलडी जल प्रदाय संयंत्रों के संचालन एवं संधारण से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा कर निर्णय लिया गया। इसके साथ परिवहन नगर की दुकानों, पुराने जर्जर दुकानों के पुनर्विकास और मुर्गी-मटन बाजार के व्यवस्थित संचालन सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि निगम की प्राथमिकता शहर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वहीं सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि सामान्य सभा में जनहित और शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिए गए।
