अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, तीन स्थानों से 66.80 क्विंटल जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान टीमों ने कुल 66.80 क्विंटल धान जब्त किया है। तीन मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, अवैध खरीदी-बिक्री और परिवहन पर निगरानी के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां तीन पालियों में 24 घंटे जांच की जा रही है।
लैलूंगा एसडीएम को सूचना मिली थी कि ग्राम मुकडेगा में सुदूराम चौहान के घर अवैध रूप से धान का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। यहां 34 कट्टों में 14 क्विंटल धान मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। इस मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में मंडी टीम ने रायगढ़ के काशीराम चौक स्थित विनोद जांगड़े के मकान की जांच की। यहां 70 कट्टों में 28 क्विंटल धान रखा मिला। टीम ने धान जब्त कर लिया।
इसके अलावा मंडी, राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अनिल किराना और सीता किराना की जांच की। अनिल किराना से 30 कट्टे तथा शरद अग्रवाल की सीता किराना से 32 कट्टे धान मिला। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 62 कट्टों में 24.80 क्विंटल धान का भंडारण पाया गया। इन मामलों में भी मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने अवैध धान की खरीदी-बिक्री और परिवहन रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों और धान की जांच के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन चेक पोस्ट पर तीन पालियों में चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही जिला स्तरीय निगरानी समिति भी गठित की गई है।
जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। इन दलों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध धान की खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
