कापू में पत्नी की हत्या का आरोप, बांस के डंडे से पीटकर गला दबाया; पति गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम कोनपारा में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी 26 वर्षीय सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी सोमारी पहाड़ी कोरवा के साथ मारपीट की और पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतिका की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतिका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा ने 17 नवंबर को कापू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सोमारी की शादी करीब चार वर्ष पहले सत्यनारायण के साथ हुई थी। 15 नवंबर को दोनों घरेलू और व्यक्तिगत सामान खरीदने के लिए कोनपारा विजयपुर गए थे। लौटते समय कोनपारा बस्ती के पास किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से मारपीट की। इसके बाद उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कापू थाना प्रभारी धर्माराम तिर्की ने टीम के साथ ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश दी और संदेही सत्यनारायण को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि 15 नवंबर को दोनों सामान खरीदने गए थे और लौटते समय रास्ते में शराब पी थी। रात होने पर नशे की हालत में पत्नी रास्ते में कई जगह गिर गई थी। कपड़े गीले होने के बाद वह उन्हें उतारकर खेत के पास बैठ गई। आरोपी उसे घर चलने के लिए कहता रहा, लेकिन उसके नहीं मानने पर गुस्से में मारपीट कर दी और पैर से गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया है। मामले में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
