Raigarh News

धान खरीदी में किसानों का रकबा शून्य और कम होने पर उमेश पटेल ने दी चेतावनी

खरसिया। धान खरीदी पंजीयन में रकबा सुधार, अनावरी और अन्य तकनीकी समस्याओं को लेकर खरसिया विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने किसानों के पक्ष में आवाज उठाई है। उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दरअसल, इस बार धान खरीदी पंजीयन में तीन स्तरों पर पंजीयन और सत्यापन की व्यवस्था लागू की गई है। एग्रीस्टेक में पंजीयन पहले की तरह किया गया, जबकि डीसीएस और पीवी एप के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई। बताया जा रहा है कि पटवारियों के बिना हुए डीसीएस और पीवी एप सत्यापन के बाद जब डाटा को धान खरीदी पोर्टल से लिंक किया गया, तो कई किसानों का रकबा शून्य हो गया, जबकि कई अन्य किसानों के पंजीकृत रकबे में कमी दर्ज हुई है।

इस तकनीकी समस्या के कारण किसान परेशान हैं। रकबा घटने और सुधार नहीं होने से किसानों के सामने धान बेचने को लेकर चिंता बढ़ गई है। उमेश पटेल ने इन समस्याओं को गंभीर बताते हुए प्रशासन से समय रहते समाधान करने की मांग की है। उन्होंने किसानों के हित में वीडियो जारी कर अपनी बात रखी और कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

विधायक ने डीसीएस के आंकड़ों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि पीवी एप के माध्यम से सत्यापन भी कम समय में दबाव डालकर आनन-फानन में कराया गया, जिससे त्रुटियों की आशंका बनी हुई है। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने धान खरीदी की अवधि में पिछले साल की तुलना में 15 दिनों की कटौती का मुद्दा भी उठाया। खराब मौसम के कारण फसल कटाई में देरी हो रही है। ऐसे में खरीदी के लिए कम समय और अब पंजीकृत रकबे में कमी की समस्या किसानों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

उमेश पटेल ने प्रशासन को प्रारंभिक चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के सम्मान, अधिकार और हितों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हक की लड़ाई में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button