बिजना में जिंदल पावर का स्वास्थ्य शिविर, 191 ग्रामीणों की हुई जांच

रायगढ़। जिंदल पावर की ओर से ग्रामीणों को उनके गांव में ही स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘सीएसआर, आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को माइंस क्षेत्र के ग्राम बिजना में शिविर आयोजित किया गया। इसमें कुल 191 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में आंखों की जांच, चश्मा वितरण, हीमोग्लोबिन जांच और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेक्टर-1 के वीपी राजेश दुबे, एजीएम सीएसआर राजेश रावत, सरपंच सरस्वती किसान, जेठूराम, राजेंद्र बीसी और ग्रामीणों की उपस्थिति में फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान वीपी राजेश दुबे ने कहा कि ‘सीएसआर आपके द्वार’ कार्यक्रम गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने का माध्यम है। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ जरूरतमंदों को निशुल्क दवाएं और चश्मे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
एजीएम राजेश रावत ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना है, जो किसी कारणवश बाहर जाकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं ले पाते। शिविर में जिंदल आशा के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की जांच भी की गई। किशोरियों का हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप परीक्षण किया गया। जिन किशोरियों में खून की कमी पाई गई, उन्हें दवाइयां दी गईं। इसके अलावा बीपी, शुगर, गर्भवती और शिशुवती महिलाओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में पराली प्रबंधन की जानकारी भी दी गई। राजेश दुबे ने पराली जलाने से जमीन की उपजाऊ क्षमता प्रभावित होने की बात कहते हुए किसानों से पराली खेतों में जलाने के बजाय जिंदल फाउंडेशन को देने की अपील की।
शिविर में 191 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इनमें 52 लोगों की सामान्य जांच की गई, जबकि एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ ने 48 लोगों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं दीं। इसके अलावा 76 किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। कुल 30 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित 12 लोगों की पहचान की गई। जिंदल पावर की ओर से इनका निशुल्क ऑपरेशन कराने की बात कही गई।
