रायगढ़। जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने जूटमिल थाना क्षेत्र के गढ़उमरिया में जुआ फड़ पर दबिश देकर 8 लोगों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 25,070 रुपए नकद और जुआ सामग्री जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में यह कार्रवाई डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में 29 सितंबर को थाना साइबर और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गढ़उमरिया स्थित आरआर एनर्जी कंपनी के सामने जुआ फड़ संचालित हो रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में फैजान खान (23), जीतराम बघेल (29), विक्की चौधरी (29), बेदराम यादव (38), अमित कुमार सिदार (33), कांशीराम अजय (24), संतोष कुमार भारद्वाज (39) और शत्रुघन जाटवर (25) शामिल हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ जूटमिल थाने में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3 और 5 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ पृथक से धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय रायगढ़ के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में साइबर थाना और जूटमिल पुलिस के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, अनूप कुजूर तथा आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर, महेश पंडा, नवीन शुक्ला, जितेन्द्र कुर्रे और वेद प्रकाश पटेल की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

