कोतरा में पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू, ब्लूप्रिंट से प्रश्न पत्र निर्माण का दिया जा रहा प्रशिक्षण
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कोतरा में ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्न पत्र निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र पर पांच दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला का शुभारंभ 16 नवंबर को हुआ। इसमें 18 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के अलग-अलग विषयों के 18 व्याख्याता शामिल हो रहे हैं।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा की पूजा-अर्चना के साथ हुई। पहले सत्र में मास्टर ट्रेनर एवं व्याख्याता दुष्यंत पटेल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों और विभिन्न पहलुओं को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया। जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन. साहू के मार्गदर्शन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल के निर्देशन और कोतरा संकुल के संयोजन में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्रश्न पत्र तैयार करने तथा विद्यालयों में पढ़ाई के स्तर को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं तैयार करना है।
कार्यशाला में शासकीय विद्यालयों के वाणिज्य, कला, अंग्रेजी, हिंदी और संस्कृत विषयों के व्याख्याता भाग ले रहे हैं। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य भारती खाण्डेकर ने प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए समर्पित भाव से प्रशिक्षण का लाभ लेने का आह्वान किया। प्रथम सत्र में व्याख्याता भोजराम पटेल ने नशामुक्ति और व्याख्याता राजेश टोप्पो ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विचार रखे।
प्रथम दिवस के द्वितीय सत्र में विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल भी शामिल हुए। उन्होंने व्याख्याताओं से बेहतर परीक्षा परिणाम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को निचले स्तर से ही दुरुस्त करने की जरूरत है और अपने-अपने विद्यालयों में बेहतर प्रदर्शन करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यशाला के दूसरे दिन प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। व्याख्याता लोचन प्रसाद पटेल ने भारतीय ज्ञान परंपरा, दीपा चौहान ने सीखने के लिए उपयुक्त वातावरण, अनिल अग्रहरि ने ब्लूम टैक्सोनॉमी एवं ब्लूप्रिंट तथा देवेंद्र पटेल ने प्रश्न पत्र निर्माण के दौरान ध्यान रखने योग्य बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया। तकनीकी और संचालन संबंधी जिम्मेदारी दुष्यंत पटेल ने संभाली।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दुष्यंत पटेल और देवेंद्र पटेल कर रहे हैं। व्यवस्था में विनोद सिंह और रोहित पटेल की भूमिका रही। वहीं मास्टर ट्रेनर के रूप में लोचन प्रसाद पटेल, आशु खूंटे, राजेश टोप्पो, अनिल कुमार अग्रहरि, जेम्मा किस्पोट्टा और दीपा चौहान सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। कार्यशाला की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्याख्याता भोजराम पटेल ने दी।
