रायगढ़। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस ने 13 गौवंशों को पिकअप वाहन में भरकर ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मवेशियों को झारखंड-ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई में गौवंश और पिकअप समेत करीब 11 लाख 4 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप में काला पन्नी लगाकर गौवंशों को ठूंसकर झारखंड-ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने ग्राम कुंजारा मेन रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान घरघोड़ा की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में 13 गौवंश मिले, जिन्हें पुलिस के अनुसार क्रूरतापूर्वक ठूंसकर रखा गया था।
पुलिस ने वाहन चालक से मवेशियों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे। आरोपी इमरान खान (29), निवासी केराडिह, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने मवेशियों को झारखंड-ओडिशा की ओर बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने सभी 13 गौवंशों को वाहन से मुक्त कराया। पुलिस के मुताबिक गौवंशों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 4 हजार रुपए, जबकि पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपए है। सभी गौवंशों को ग्राम झरन स्थित गौशाला में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

