spot_img

Latest Posts

ओडिशा से 17 वर्षीय नाबालिग बरामद, दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

रायगढ़। अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर से बरामद किया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय युवक मनीष सिदार उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त को नाबालिग की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 13 अगस्त की शाम बिना बताए घर से चली गई है। शिकायत पर चक्रधरनगर थाने में अपराध क्रमांक 440/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को नाबालिग के संदेही मनीष सिदार के साथ हिमगीर, ओडिशा में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन आरोपी और नाबालिग मोबाइल फोन बंद कर ठिकाना बदलकर फरार हो गए थे। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 2 सितंबर को हिमगीर स्थित एक किराये के मकान से नाबालिग को बरामद कर रायगढ़ लाया। आरोपी उस समय मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के बयान और गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 87, 64(2)(M) BNS और धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई। बालिका की काउंसलिंग और न्यायालय में बयान की कार्रवाई भी कराई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बालिका को करीब चार वर्षों से जानता था और दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत होती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी 14 अगस्त को अपनी एक्टिवा से बालिका को हिमगीर लेकर गया था और वहां अलग-अलग स्थानों पर किराये के मकान में रहा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AA 4590 को ओडिशा से बरामद कर जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss