ओपी चौधरी बोले- नवा रायपुर का डिजिटल जनजातीय संग्रहालय बनेगा गौरव और विरासत का केंद्र
उत्तम गुप्ता की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल, परिजन IG से करेंगे उच्चस्तरीय जांच की मांग

बिलासपुर के लालखदान स्थित संत नगर में रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थी उत्तम कुमार गुप्ता की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। शुरुआती जांच में पुलिस ने जहर सेवन से मौत की आशंका जताई थी, लेकिन परिजन और मृतक के मित्र इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं। परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में परिजन जल्द ही बिलासपुर पुलिस महानिरीक्षक (IG) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे।
परिजनों ने घटनास्थल से जुड़े कई साक्ष्यों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उत्तम का मोबाइल फोन और लैपटॉप गायब होना संदेह पैदा करता है। इसके अलावा शव के पास युवती की सैंडिल और एक स्कार्फ मिलने की बात भी सामने आई है। परिवार का मानना है कि इन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
मामले में कथित सुसाइड नोट की लिखावट को लेकर भी परिजनों ने संदेह जताया है। उनका दावा है कि नोट में लिखी हैंडराइटिंग उत्तम की नहीं है। इसलिए वे नोट की लिखावट का विशेषज्ञों से परीक्षण कराने और उत्तम की पुरानी लिखावट से उसका मिलान कराने की मांग कर रहे हैं।
परिवार और उत्तम के शुभचिंतकों का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही IG को ज्ञापन सौंपकर जांच विशेष जांच दल (SIT) या वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कराने की मांग करेगा। ज्ञापन में गायब मोबाइल और लैपटॉप की तलाश, मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा उसकी आखिरी लोकेशन की जांच कराने की मांग भी शामिल रहेगी।
इसके साथ ही परिजन दयालबंद से लालखदान के संत नगर तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच चाहते हैं। उनका कहना है कि इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि उत्तम घटनास्थल तक कैसे और किन लोगों के साथ पहुंचा था। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग भी उठाई जाएगी।
