Raigarh News

प्रपौत्र के जन्मदिन पर गौसेवा की सौगात, नंदकिशोर अग्रवाल करेंगे रामानंदम गौधाम का लोकार्पण

जन्मदिन को केक कटिंग और समारोह तक सीमित रखने के बजाय समाजसेवा और गौसंरक्षण से जोड़ने की पहल करते हुए एनआर ग्रुप के संस्थापक नंदकिशोर अग्रवाल अपने प्रपौत्र चि. युवराम के दूसरे जन्मदिन पर रायगढ़ को एक विशेष सौगात देने जा रहे हैं। शहर से लगे ग्राम गुड़गहन के समीप करीब ढाई एकड़ भूमि पर निर्मित ‘रामानंदम गौधाम’ का 17 नवंबर को लोकार्पण होगा। इस गौधाम में लगभग 600 गौवंश को आश्रय देने की क्षमता विकसित की गई है। इसे जिले में गौसंरक्षण, गौसेवा और पशु चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

इस आयोजन का एक विशेष संयोग यह भी है कि 17 नवंबर को ही नंदकिशोर अग्रवाल का जन्मदिन भी है। चि. युवराम, अंकित और चाहत के सुपुत्र हैं। परिवार ने इस दोहरे खुशी के अवसर को निजी उत्सव तक सीमित रखने के बजाय गौवंश की सेवा और समाजकल्याण के कार्य को समर्पित करने का निर्णय लिया है। एनआर ग्रुप की इस पहल का उद्देश्य गौवंश को आश्रय देने के साथ उनकी देखभाल और उपचार की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

परिवार की ओर से इसे आने वाली पीढ़ियों को सेवा, संवेदना, करुणा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास बताया गया है। नंदकिशोर अग्रवाल की इस पहल के माध्यम से विशेष अवसरों को सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का संदेश भी दिया जा रहा है।

रामानंदम गौधाम की प्रमुख विशेषताओं में परिसर में विकसित किया जा रहा आधुनिक पशु चिकित्सालय शामिल है। एनआर ग्रुप के डायरेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि यहां गौवंश के बेहतर उपचार के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर भी बनाया जा रहा है, जहां दुर्घटनाग्रस्त और बीमार गौवंश का उपचार किया जा सकेगा।

संजय अग्रवाल के मुताबिक, गौधाम में पशुओं के इलाज के लिए चार पशु चिकित्सक तैनात रहेंगे। यहां 24 घंटे निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा पशु एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर बीमार और घायल गौवंश को उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचाया जा सके। लाचार और गंभीर रूप से बीमार पशुओं को लाने के लिए जल्द ही हाइड्रोलिक एंबुलेंस भी गौधाम को उपलब्ध कराई जाएगी।

एनआर ग्रुप के डायरेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि सामाजिक सरोकारों के तहत समूह की ओर से गढ़उमरिया में 220 बेड का अस्पताल भी तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही रायगढ़ को समर्पित करने की योजना है। इस अस्पताल में मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा सुविधाओं के साथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

नंदकिशोर अग्रवाल के समाजसेवी दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए बताया गया कि परिवार के सदस्य भी विभिन्न सामाजिक कार्यों में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रामानंदम गौधाम और प्रस्तावित अस्पताल की पहल को इसी सोच की कड़ी के रूप में प्रस्तुत किया गया है। गौधाम के लोकार्पण के साथ जिले में गौवंश के आश्रय, उपचार और देखभाल के लिए एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button