Raigarh News

सरिया में धान के अवैध भंडारण पर कार्रवाई, चंदन ट्रेडर्स से 153 बोरी जब्त

रायगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत सरिया में धान के अवैध भंडारण के खिलाफ राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने चंदन ट्रेडर्स का निरीक्षण कर अभिलेखों से अधिक पाए गए 153 बोरी धान को जब्त किया। यह कार्रवाई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन की निगरानी के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और एसडीएम डी.एस. राजपूत के निर्देश पर राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने सरिया स्थित चंदन ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान में उपलब्ध धान के वास्तविक स्टॉक का संबंधित अभिलेखों से मिलान किया गया।

जांच में अभिलेखों की तुलना में लगभग 153 बोरी धान का स्टॉक अधिक पाया गया। इसके बाद टीम ने मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत उक्त धान को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित कारोबारी को धान के स्टॉक और उससे जुड़े अभिलेखों का नियमानुसार संधारण करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन की ओर से धान के भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जांच के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखना और किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button