Raigarh News

पटाखे के विवाद में घर में घुसकर मारपीट, युवक को कार से ले जाने का आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने एक दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की। आरोपी से वारदात में इस्तेमाल सफेद ऑल्टो कार, मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी दीप अग्रवाल पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस के अनुसार, हण्डी चौक निवासी निमिश अग्रवाल (18) ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया।

शिकायत के मुताबिक, अगले दिन 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे निमिश अपने घर में सो रहा था। तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से वहां पहुंचे। आरोपियों ने घर में जबरन घुसकर पटाखे फोड़ने की बात पर गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि अरुण शर्मा ने जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाया गया, जहां दोबारा मारपीट की गई। इस दौरान हनी अग्रवाल ने घटना का वीडियो बनाया। बाद में आरोपी निमिश को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) और 3(5) में अपराध दर्ज किया था। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को दीप अग्रवाल (26), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था। अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उसका एक दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की और ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया। इसके बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button