रायगढ़। महानदी के बढ़ते जलस्तर के चलते सरिया अंचल में बनी बाढ़ की स्थिति के बीच वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी प्रभावित ग्रामीणों से मिलने पहुंचे। उन्होंने सरिया स्थित कन्या शाला में बनाए गए राहत शिविर का जायजा लिया और वहां ठहरे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं।
राहत शिविर में ओपी चौधरी ने महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं से बातचीत की। उन्होंने बाढ़ के कारण उत्पन्न परिस्थितियों और परिवारों की आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों से राहत शिविर में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं, दवाइयां और साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को शिविर में रह रहे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए गए। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को महानदी के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता पहुंचाने को कहा।
प्रशासन द्वारा जिले के तटीय क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निगरानी की जा रही है। प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों तक पहुंचाने के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

