Raigarh News

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में 150 नर्सिंग स्टाफ की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 9 मांगों पर अड़े कर्मचारी

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग स्टाफ ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मेडिकल कॉलेज के बाहर टेंट लगाकर नर्सिंग कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं और मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। नर्सिंग स्टाफ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन संघ की ओर से लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा था। इसके तहत कर्मचारियों ने पहले दो दिनों तक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान काली पट्टी लगाकर काम करने के साथ स्कूटी रैली भी निकाली गई थी। इसके बावजूद मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने के बाद संघ ने 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का अल्टीमेटम दिया था।

बुधवार से मेडिकल कॉलेज के करीब 150 नर्सिंग कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। संघ की अध्यक्ष जागृति नंदा ने बताया कि पहले चरणबद्ध तरीके से विरोध जताया गया, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने के कारण अब अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

संघ की पहली मांग चिकित्सा शिक्षा विभाग के नर्सिंग संवर्ग के लिए केंद्र के अनुरूप ग्रेड पे और वेतनमान लागू करने की है। इसके लिए 30 जनवरी 2026 को तैयार प्रस्ताव को लागू करने की मांग की गई है। दूसरी मांग संविदा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और दैनिक वेतनभोगी स्टाफ नर्सों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल पर नियमित करने की है।

तीसरी मांग के तहत नर्सिंग अलाउंस 7,200 रुपये और वाशिंग अलाउंस 1,800 रुपये प्रतिमाह देने की मांग की गई है। चौथी मांग स्टाफ नर्स का पदनाम बदलकर नर्सिंग ऑफिसर और नर्सिंग सिस्टर का पदनाम सीनियर नर्सिंग ऑफिसर करने की है। पांचवीं मांग नर्सिंग प्रदर्शक, सहायक नर्सिंग अधीक्षक और नर्सिंग सिस्टर के पदों पर वरिष्ठता सूची के अनुसार पदोन्नति देने की है।

छठी मांग चिकित्सा शिक्षा विभाग में MCI के मापदंडों के अनुरूप स्वीकृत पदों पर नियमित भर्ती करने की है। सातवीं मांग नियमितीकरण होने तक संविदा, NHM और दैनिक वेतनभोगी स्टाफ नर्सों को 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की है।

आठवीं मांग चिकित्सा शिक्षा विभाग में डायरेक्टर ऑफ नर्सिंग का पद सृजित करने तथा प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग सुपरिटेंडेंट और चीफ नर्सिंग सुपरिटेंडेंट के पद केंद्र के ग्रेड पे, वेतनमान और योग्यता के अनुरूप स्वीकृत करने की है। वहीं नौवीं मांग नर्सिंग छात्र-छात्राओं के इंटर्नशिप स्टाइपेंड को बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने की है। संघ का कहना है कि वर्ष 1999 से विद्यार्थियों को केवल 1,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसमें पिछले 26 वर्षों से वृद्धि नहीं हुई है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button