आयकर विभाग की जांच से उद्योग जगत में हलचल, रायगढ़ इस्पात सहित तीन ठिकानों पर पहुंची टीम

रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों की कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मच गई। विभाग के अधिकारी जिले के दो बड़े उद्योगपतियों से जुड़े आवासीय और औद्योगिक परिसरों में पहुंचकर आयकर संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कमल अग्रवाल से जुड़े रायगढ़ इस्पात, सन स्टील और बर्बरीक ग्रुप सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी अधिकारियों की टीम पहुंची है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह से ही आयकर विभाग के अधिकारियों की अलग-अलग टीमें संबंधित आवासों और उद्योग परिसरों में जांच कर रही हैं। इस दौरान अधिकारियों द्वारा विभिन्न दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। जांच का दायरा कितना बड़ा है और किन-किन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को इसमें शामिल किया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के हवाले से आयकर संबंधी संभावित अनियमितताओं को लेकर मिली शिकायतों के बाद यह कार्रवाई किए जाने की चर्चा है। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक जांच के कारणों, कार्रवाई की प्रकृति और उसके दायरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
सुबह से जारी जांच के चलते संबंधित उद्योग परिसरों और आवासीय ठिकानों पर अधिकारियों की मौजूदगी बनी हुई है। फिलहाल विभागीय जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में क्या तथ्य मिले हैं और किन वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य सामने आए हैं।
