सातम में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन ढाबे सील

छत्तीसगढ़ में आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सातम क्षेत्र में संचालित तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई।
विभागीय टीम ने एनएच-49 स्थित ढाबा, चंपारण फास्ट फूड और आमंत्रण ढाबा एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान एनएच-49 स्थित ढाबा और चंपारण फास्ट फूड में साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं। इसके चलते दोनों प्रतिष्ठानों को तीन-तीन दिनों के लिए सील कर दिया गया।
वहीं, आमंत्रण ढाबा एंड रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। इसके अलावा साफ-सफाई में कमी, पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था का अभाव और पेयजल की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होना भी पाया गया।
निरीक्षण के दौरान आमंत्रण ढाबा में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 10 बोतलें भी मिलीं। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को रोटी बनाकर परोसने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा आटा भी एक्सपायरी पाया गया। विभागीय टीम ने एक्सपायरी खाद्य सामग्री को नष्ट कराया। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान के विरुद्ध पांच दिनों के लिए सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, विशेष अभियान का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री मिल सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
