Raigarh News

सीएम हेल्पलाइन से दूर हुई अंधेरे की समस्या, चपले चौक पर फिर जली सोलर हाईमास्ट लाइट

रायगढ़ जिले के ग्राम चपले चौक में लंबे समय से बंद पड़ी सोलर हाईमास्ट लाइट की समस्या का समाधान सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से किया गया है। शिकायत मिलने के बाद क्रेडा के जिला एवं जोनल कार्यालय रायगढ़ ने संबंधित स्थापनाकर्ता इकाई से समन्वय कर संयंत्र की तकनीकी खराबी दूर कराई। इसके बाद सोलर हाईमास्ट को दोबारा चालू कर दिया गया है। अब चौक पर रात के समय रोशनी उपलब्ध होने से ग्रामीणों और राहगीरों को राहत मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड खरसिया के ग्राम सोड़का निवासी महेंद्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने ग्राम चपले चौक में प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाए गए सोलर हाईमास्ट संयंत्र के बंद होने की समस्या उठाई थी। शिकायत में बताया गया था कि संयंत्र के अकार्यशील होने से चौक पर रात के समय प्रकाश व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए क्रेडा के जिला कार्यालय और जोनल कार्यालय रायगढ़ ने संबंधित स्थापनाकर्ता इकाई से संपर्क किया। आपसी समन्वय के बाद संयंत्र में आई तकनीकी खराबियों को ठीक कराया गया और उसे पुनः कार्यशील कर दिया गया।

सोलर हाईमास्ट के दोबारा चालू होने से अब चपले चौक पर रात में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो रही है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ चौक से गुजरने वाले राहगीरों को भी सुविधा मिल रही है। शिकायत के निराकरण पर आवेदक महेंद्र सिंह ने संतुष्टि जताई है। वहीं, ग्रामवासियों ने प्रकाश व्यवस्था बहाल होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं शासन तक पहुंचा सकते हैं। इस व्यवस्था के तहत प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई कर समाधान किया जा रहा है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button