Raigarh News

मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन करते मिली मशीन, खनिज विभाग ने किया जब्त

रायगढ़ जिले के ग्राम पुसलदा स्थित मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर विभागीय अमले ने मौके से रेत उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही एक चैन माउंटेन मशीन जब्त कर सील कर दी। जांच में खरसिया निवासी तरुण साहू द्वारा अवैध उत्खनन कराया जाना सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पुसलदा स्थित मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

निरीक्षण के दौरान नदी में रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त एक चैन माउंटेन मशीन पाई गई। खनिज विभाग के अमले ने तत्काल मशीन को जब्त कर सील करने की कार्रवाई की। जांच में पता चला कि खरसिया निवासी तरुण साहू द्वारा नदी में अवैध उत्खनन का कार्य कराया जा रहा था।

खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की प्रासंगिक धाराओं के तहत अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज किया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button