spot_img

Latest Posts

15 अक्टूबर को रायगढ़ में कोलता समाज का नुआखाई भेंटघाट, CM साय होंगे मुख्य अतिथि

रायगढ़। कोलता समाज रायगढ़ संभाग की ओर से नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन 15 अक्टूबर को रायगढ़ में किया जाएगा। समाज के संभागीय अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी है। इसके बाद समाज ने आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
29 सितंबर को सामुदायिक भवन कोलता समाज, मरीन ड्राइव बेलादुला में संभागीय एवं आंचलिक पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और समाज के विभिन्न अंचलों में बैठक आयोजित करने को लेकर चर्चा की गई।
बताया गया कि 13 सितंबर की बैठक में मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करने और उनकी सहमति के बाद आयोजन की तारीख तय करने का निर्णय लिया गया था। संभागीय अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता ने बैठक में मुख्यमंत्री से मुलाकात और उनके द्वारा कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दिए जाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम की तैयारियों और समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ संभाग के आठ अंचलों—रायगढ़, तमनार, पुसौर, सरिया, घरघोड़ा, धर्मजयगढ़, लैलूंगा और कोठीखोल में सामाजिक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके लिए अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
पुसौर और घरघोड़ा अंचल में 2 अक्टूबर, रायगढ़ और लैलूंगा में 3 अक्टूबर, सरिया, धर्मजयगढ़ और कोठीखोल में 4 अक्टूबर को बैठकें प्रस्तावित हैं। तमनार अंचल की बैठक 30 सितंबर को रखी गई थी। इन बैठकों में समाज के लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक संख्या में रायगढ़ पहुंचकर आयोजन में सहभागिता की अपील की जाएगी।
समाज पदाधिकारियों के अनुसार, 15 अक्टूबर को होने वाले नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर संभाग के विभिन्न अंचलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss