रायगढ़। रायगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित मांगों को लेकर ‘रायगढ़ बचाओ-लड़ेंगे रायगढ़’ संगठन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अरुण प्रकाश को आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संगठन के विनय शुक्ला के नेतृत्व में रायगढ़वासियों के संयुक्त हस्ताक्षर वाला यह ज्ञापन जीएम के रायगढ़ आगमन के दौरान सौंपा गया।
ज्ञापन में रायगढ़ से दिल्ली, रामेश्वरम, प्रयागराज सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने और मौजूदा ट्रेनों के विस्तार की मांग की गई है। संगठन का दावा है कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन से रायगढ़ के अलावा सक्ती, जांजगीर-चांपा, जशपुर, सरगुजा तथा ओडिशा के आसपास के क्षेत्रों के यात्री भी यात्रा करते हैं और प्रतिदिन करीब 5 से 6 हजार यात्रियों का आवागमन रहता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि तत्कालीन रायगढ़ रियासत के राजा भूपदेव सिंह द्वारा बंगाल-नागपुर रेल की स्थापना एवं निर्माण के समय रियासत की जमीन निशुल्क दिए जाने के साथ कुछ शर्तों पर अनुबंध किए जाने की बात कही जाती है। संगठन ने उस कथित अनुबंध की शर्तों का पालन किए जाने की मांग की है।
आठ सूत्रीय मांगों में चक्रधर सिंह के नाम पर चक्रधर नगर रेलवे स्टेशन का नामकरण, प्रस्तावित रेलवे टर्मिनल का जल्द निर्माण, रायगढ़ से कटनी होकर दिल्ली के लिए सप्ताह में चार दिन ट्रेन शुरू करना और रायगढ़ से प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या सहित उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए सीधी ट्रेन चलाना शामिल है।
इसके अलावा बिलासपुर-इंदौर ट्रेन को रायगढ़ से चलाने, दक्षिण भारत के लिए रायगढ़ से सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है। संगठन ने रामेश्वरम सहित दक्षिण भारत के धार्मिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी केंद्रों तक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है।
ज्ञापन में रायगढ़ रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग भी की गई है। संगठन ने रेलवे प्रशासन से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की है।
विनय शुक्ला ने बताया कि ज्ञापन की प्रतियां रायगढ़ के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों, विधायकों, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई हैं। संगठन ने जनहित से जुड़ी मांगों के समाधान के लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सहयोग की अपील की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में शेख कलीमुल्ला, मनीष अग्रवाल, अक्षत खेडुलकर, संजय देवांगन, राजेश जैन, शारदा सिंह राजपूत, संतोष यादव, रवि यादव, इनाम सिद्दीकी, कृष्णा शर्मा, सुरेंद्र पटेल, तिजेश जायसवाल, ऋषभ मिश्रा, प्रीति केरकेट्टा, अंबे सोना, रागिनी, विनोद श्रीवास, पीयूष कुमार, अनिल चीकू सहित संगठन के सदस्य और रायगढ़वासी शामिल रहे।

