रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के तहत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के महिला वर्ग में अदाणी फाउंडेशन बड़े भंडार की टीम ने खिताब अपने नाम किया। फाइनल में टीम ने जिंदल फाउंडेशन रायगढ़ को 22-19 के करीबी अंतर से हराया। प्रतियोगिता में अदाणी फाउंडेशन की टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गबेल, उपाध्यक्ष दीपक सिदार और सदस्य सुषमा खलखो ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। महिला वर्ग की विजेता अदाणी फाउंडेशन टीम को 51 हजार रुपए और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता जिंदल फाउंडेशन को 31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। लैलूंगा की टीम तीसरे और धरमजयगढ़ की टीम चौथे स्थान पर रही।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में अदाणी फाउंडेशन की भूमिका सिदार को बेस्ट ऑलराउंडर, प्राची को बेस्ट कैचर और रीना को बेस्ट रेडर चुना गया। पुरुष वर्ग में धरमजयगढ़ के यशवंत कमलवंशी को बेस्ट कैचर, तमनार के जागृत पटेल को बेस्ट रेडर और आशीष सिदार को ऑलराउंडर का पुरस्कार मिला।
चक्रधर समारोह के तहत आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की कुल 25 टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान मौजूद रहे।
चार साल से ग्रामीण बेटियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण
अदाणी पावर लिमिटेड की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को नि:शुल्क कबड्डी प्रशिक्षण दे रही है। फाउंडेशन के अनुसार, अब तक क्षेत्र की 35 बालिकाओं का चयन राज्य स्तरीय और 4 बालिकाओं का राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
टीम ने वर्ष 2023-24 में खिताब जीता, 2024-25 में उपविजेता रही और 2025-26 तथा 2026-27 में लगातार चैंपियन बनी है।
वर्तमान में फाउंडेशन द्वारा करीब 15 गांवों की 50 स्कूली छात्राओं को अनुभवी प्रशिक्षकों के माध्यम से कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। टीम के कोच प्रेम नायक, रतिराम सिदार, परमेश्वर बिश्वाल और परमेश्वर गुप्ता का योगदान रहा।

